spot_img
spot_img
Homeदेहरादूनजिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में जनता दर्शन-जन सुनवाई कार्यक्रम, 144 लोगों...

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में जनता दर्शन-जन सुनवाई कार्यक्रम, 144 लोगों की शिकायतें सुनीं

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन और जन सुनवाई कार्यक्रम में दूर-दराज के 144 लोगों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कई शिकायतों का मौके पर समाधान किया और अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
जन सुनवाई के दौरान अवैध अतिक्रमण, कब्जा, भूमि सीमांकन, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की सहायता, पेयजल समस्या, शिक्षा, घरेलू विवाद, एमडीडीए, नगर निगम, पुलिस एवं आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों को गंभीरता से लें और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
मेहूवाला निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला द्वारा अपनी बहू से मारपीट और घर पर कब्जा करने की शिकायत पर डीएम ने भरण पोषण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं, विधवा विशाखा ने पति की मृत्यु के बाद बैंक ऋण व बीमा क्लेम न मिलने की समस्या सुनाई, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
डालनवाला की अनुराधा देवी के बैंक ऋण और बीमा के बाद भी परेशान किए जाने की शिकायत पर भी एएसडीएम सदर को शीघ्र कार्यवाही हेतु फाइल प्रस्तुत करने को कहा गया। चंद्र परिसर कॉलोनी की बुजुर्ग महिला की एमडीडीए के मानकों के उल्लंघन संबंधी शिकायत पर एमडीडीए अधिकारी से लिखित जवाब मांगा गया।
शिखर फाल्स के करनपुर गांव में अतिवृष्टि से बह गए पुस्तों के पुनर्निमाण, चकराता विकासखंड के कोण्डोई गांव में खेतों और गूल को हुए नुकसान, ग्राम पंचायत खैरी में क्षतिग्रस्त घर की सुरक्षा दीवार पुस्ता निर्माण, ग्राम हल्द्वाड़ी में लोनिवि की सड़क से मलबा बहने की समस्या, ग्राम सभा छौंटाड़ में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त कृषि भूमि एवं पेयजल लाइन की शिकायतों की जांच कर प्रभावितों को SDRF मानकों के तहत आर्थिक सहायता देने के निर्देश जिलाधिकारी ने एडीएम को दिए।
राजपुर के ग्राम पुरकुल में पर्यटन विभाग की भूमि पर भू माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे, ग्राम सिगली में सार्वजनिक रास्ते और ग्राम सभा की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को कार्रवाई के आदेश दिए गए। डोईवाला में सरकारी भूमि पर पुनः कब्जा करने के मामले में भी एसडीएम को जवाब देने के निर्देश दिए गए। विकासनगर के कुल्हाल मटक में अधिग्रहित भूमि के मुआवजे में देरी पर एसएलएओ को त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।
भोगपुर और आर्य नगर में भूमि सीमांकन न होने पर संबंधित अधिकारियों से देरी के कारण की रिपोर्ट तलब की गई। राशन की दुकान दूर होने की समस्या पर नजदीकी दुकान में राशन कार्ड स्थानांतरण की व्यवस्था करने के निर्देश भी जारी किए गए।
विकासनगर के ग्राम ढलानी में दूरसंचार नेटवर्क की समस्या, साई नारायण धाम में सड़क किनारे ऊंचे पेड़ों की लापिंग, प्रतीत नगर में बढ़ते पानी के बिलों की शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनता दर्शन में पारिवारिक भूमि विवाद, रजिस्ट्री, निजी भूमि से कब्जा हटवाने की शिकायतें भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ संजय कुमार, डीईओ प्रेमलाल भारती, तहसीलदार विवेक राजौरी, डीएसओ केके अग्रवाल, डीएसडब्ल्यूओ दीपांकर घिल्डियाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

- Advertisement -chardham yatra uttarakhand
RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular