देहरादून की कैंट विधानसभा के इंदिरा नगर क्षेत्र स्थित रॉयल इन पैलेस वेडिंग पॉइंट में उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अभिनव थापर द्वारा भव्य ‘मातृशक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, भोजन माताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया गया। ये वे महिलाएं हैं, जो समाज की वास्तविक रीढ़ हैं और अपने अथक परिश्रम, सेवा, समर्पण एवं जिम्मेदारी से समाज को मजबूती प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उन महिलाओं में बसती है, जो बिना किसी बड़े पद या पहचान की अपेक्षा के दिन-रात समाज की सेवा में जुटी रहती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाती हैं, आशा वर्कर्स स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाकर माताओं और बच्चों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, वहीं भोजन माताएं विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और भविष्य को संवारने में योगदान देती हैं। ये महिलाएं समाज के हर वर्ग और हर परिवार तक पहुंचती हैं। इनके योगदान के बिना एक स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त समाज की कल्पना अधूरी है।
अभिनव थापर ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और उन लोगों को सम्मान देने की रही है, जिनका योगदान अक्सर मंचों और चर्चाओं से दूर रह जाता है। आज कांग्रेस ने समाज की इन वास्तविक नायिकाओं तक पहुंचकर उनका सम्मान करने का प्रयास किया है। यह हमारे लिए केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उन महिलाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो अपने काम से समाज की नींव मजबूत कर रही हैं। मातृशक्ति का सम्मान तभी सार्थक है, जब हम उनके संघर्ष को समझें, उनके अधिकारों की आवाज उठाएं और उन्हें उचित सम्मान एवं पहचान दिलाएं।
