spot_img
spot_img
Homeनैनीतालमूसलाधार बारिश से मुख्य मार्ग बाधित, पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान

मूसलाधार बारिश से मुख्य मार्ग बाधित, पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान

नैनीताल समेत पूरे जनपद में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के चलते काठगोदाम-रानीबाग-भीमताल मुख्य मार्ग पर पुल के पास मलबा आने से आवाजाही ठप हो गई है। यातायात बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बावजूद स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित नहीं किया गया, जिसके चलते बच्चों की उपस्थिति बेहद कम रही। अभिभावकों ने बच्चों को जोखिम में डालने के बजाय घर पर ही रखना उचित समझा।
दिनभर घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। हालत यह रही कि आमने-सामने तक देख पाना मुश्किल हो गया। वहीं लगातार बारिश से ठंडक भी बढ़ गई, जिससे स्थानीय लोग और पर्यटक गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हो गए।
इन दिनों नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव का आयोजन चल रहा है, लेकिन खराब मौसम के चलते कार्यक्रमों की रौनक फीकी पड़ गई है। पर्यटक भी मौसम खुलने की उम्मीद में होटलों और गेस्ट हाउसों में दुबके हुए हैं।
नैनीताल के मालरोड, नैना देवी मंदिर, टिफिन टॉप और स्नो व्यू जैसे प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। रोजमर्रा का काम करने वाले स्थानीय व्यापारी, टैक्सी चालक, फेरी वाले और छोटे दुकानदार भी मौसम खुलने का इंतजार करते रहे, जिससे उनकी आर्थिक परेशानियां और बढ़ गई हैं।
बारिश का यह दौर अगर यूं ही जारी रहा तो न केवल पर्यटकों की आवाजाही पर असर पड़ेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा झटका लग सकता है। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि हालात सामान्य करने के लिए जल्द जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

- Advertisement -chardham yatra uttarakhand
RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular