हादसा – गंगाजल ले जा रहे कांवड़ियों की चलती बाइकों में लगी आग,
हरिद्वार में दो स्थानों पर कांवड़ियों की चलती बाइकों में आग लग गई, पुलिस की तत्परता से जनहानि होने से बची

कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में दो जगह बड़े हादसे होने से टल गए। कांवड़ियों की दो चलती बाइकों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। इस दौरान बाइक सवार कांवड़िए सुरक्षित रूप से उतर गए थे। एक घटना गुरुकुल कांगड़ी फ्लाईओवर के ऊपर बाइक में आग लगने की हुई। दूसरी घटना केबल पुल के ऊपर हुई, दोनों जगह बाइकों में आग लगने के कारण ट्रैफिक जाम हो गया।
धर्मनगरी हरिद्वार में अब कांवड़ मेले का आज अंतिम दिन है। कल सावन शिव रात्रि पर सभी कांवड़ियों को अपने-अपने गंतव्य पर पहुंचकर जल चढ़ाना है। कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में गुरुकुल कांगड़ी फ्लाईओवर के ऊपर आज मंगलवार को अचानक एक चलती हुई मोटरसाइकिल में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह से जलकर राख हो गयी। गनीमत रही कि आग लगने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
सावन के चलते हरिद्वार में इस समय डाक कांवड़ का जोर है। भारी संख्या में कांवड़िए बाइक से जल लेकर तेज गति से जा रहे हैं। जिसके चलते आज भी ऐसे ही जा रहे एक कांवड़िये की बाइक में गुरुकुल कांगड़ी फ्लाईओवर पर अचानक आग लग गयी कांवड़िए की बाइक धू धू करके जलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर गुरुकुल कट पर ड्यूटी में तैनात दीवान सिंह तोमर एवं कॉन्स्टेबल टीपी शेर सिंह आग बुझाने में लग गए। अफरा-तफरी ऐसी थी कि पानी की बोतलों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। मगर आग पर काबू नही पाया जा सका। तब वहां मौजूद एक ट्रक ड्राइवर से अग्निशामक यंत्र लेकर आग पर काबू पाया गया और संभावित बड़ी दुर्घटना को टाला गया।
वहीं दूसरी घटना हरिद्वार के केबल पुल पर अचानक एक कांवड़िये की चलती बाइक में आग लग गयी। आग लगने पर मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षा के दृष्टिगत दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया। फायर बिग्रेड टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि यहां भी कोई जनहानि नहीं हुई।
उत्तराखंड पुलिस चप्पे चप्पे पर मौजूद है जिसके चलते कांवड़ियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आ रही है। बाइक में आग लगने की घटना हुई थी। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उस पर काबू पाया. दिन हो या रात, बारिश हो या धूप उत्तराखंड पुलिस अपनी सेवाएं दे रही है। कांवड़ मेल सकुशल संपन्न होने जा रहा है।
-प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, हरिद्वार-
