कोटद्वार

नर्सिंग पदों को वर्षवार आवंटन किये जाने की स्पीकर के सामने उठाई मांग

नर्सिंग महासंघ उत्तराखंड ने नर्सिंग की वेटिंग लिस्ट शीघ्र ही जारी किये जाने एवं पदों को वर्षवार आवंटन किये जाने सहित अनेक मांगों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण को ज्ञापन सौंपकर इस ओर कार्यवाही किये जाने की मांग की है।

यहां महासंघ की कार्यकारिणी के सदस्य रितु कोटनाला और अमित डंडरियाल ने विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नर्सिंग की वेटिंग लिस्ट जल्द जारी की जाए, जिससे योग्य उम्मीदवारों को रोजगार के अवसर मिल सकें। ज्ञापन में पदों का वर्षवार आवंटन किया जाए और इस व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में होने वाली भर्तियों में पारदर्शिता बनी रहे।

ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड मूल के शत प्रतिशत लोगों को प्राथमिकता से शामिल किया जाये और जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने महासंघ के सदस्यों को आश्वासन दिया है कि इन मांगों पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी और नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठायेंगी और स्थानीय युवाओं के हितों की रक्षा के लिए काम करेंगी। इस अवसर पर महासंघ के पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष व विधायक का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होगी। अब देखना यह है कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग इन मांगों पर क्या कार्रवाई करते हैं और नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। इस दौरान ज्ञापन देने वालों में कार्यकारिणी के सदस्य रितु कोटनाला और अमित डंडरियाल आदि उपस्थित रहे।

  uttarakhand-van-vikas-nigam-auction  
Show More