ऑल्टो कार नौ सौ मीटर गहरी खाई में गिरी, दो की मौत

देहरादून। जनपद देहरादून के चकराता क्षेत्रांतर्गत लोखंडी के पास ऑल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने नौ सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो घायल को एसडीआरएफ की टीम के सदस्यों ने रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल पहंुचाया।
यहां मिली जनकारी के अनुसार प्रातः थाना चकराता के माध्यम से एसडीआरएफ टीम को सूचना मिली कि लोखंडी के पास बुंदेल रोड पर एक ऑल्टो कार खाई में गिर गई है,जिसमें रेस्क्यू हेतु एसडीआरएफ टीम की आवश्यकता है। इस दौरान सूचना पर पोस्ट चकराता से एसडीआरएफ टीम मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और बचाव व रेस्क्यू अभियान में जुट गई।
इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने बताया कि उक्त ऑल्टो कार यूके16 एफ 8124 चकराता क्षेत्रांतर्गत लोखंडी के पास अनियंत्रित होकर लगभग 900 मीटर गहरी खाई मे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चार लोग सवार थे। इस दौरान एसडीआरएफ टीम के सदस्यों ने बताया कि टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर खाई में उतरकर जिला पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
इस दौरान टीम द्वारा वाहन में सवार दो व्यक्तियों को घायल अवस्था में खाई से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया तथा अन्य दो व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस दौरान एसडीआरएफ टीम द्वारा दोनों व्यक्तियों के शव खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक लाकर आवश्यक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।



