शिकायतों का समय अंतर्गत निस्तारण न होने पर अनुभाग अधिकारी होंगे उत्तरदायी: नगर आयुक्त

आज नगर निगम देहरादून की स्टाफ मीटिंग में, नगर आयुक्त ने भूमि अनुभाग को दिए कड़े निर्देश। शिकायतों का समय अंतर्गत निस्तारण न होने पर अनुभाग अधिकारी होंगे उत्तरदायी।
नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून, नमामी बंसल द्वारा निगम अधिकारियों के कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में निगम के विभिन्न अनुभागों के उपस्थित अधिकारियों को निम्नानुसार आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश –
प्रकाश प्रभारी को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं उनके निस्तारण की स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतों का समय पर समाधान हो तथा उसकी सूचना समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंगे।
स्वास्थ्य अनुभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक वार्ड में चल रहे वाहनों की स्थिति, खराब वाहनों की संख्या तथा कूड़ा संग्रहण (रूट कवरेज) की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
वाहनों की मरम्मत एवं संपूर्ण प्लांट संचालन की स्थिति को दुरुस्त करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए।
भूमि अनुभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा अब तक कितनी अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया गया है इसकी रिपोर्ट दी जाए तथा आगामी अभियानों हेतु रोस्टर तैयार किया जाए।
लोक निर्माण विभाग संबंधी कार्यों के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा प्रत्येक कार्य के प्रारंभ से पूर्व एवं पूर्ण होने के उपरांत की फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से पत्रावली पर संरक्षित करेंगे ताकि कार्य की पारदर्शिता बनी रहे।
पशु चिकित्सा अनुभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहर में आवारा पशुओं एवं कुत्तों से संबंधित बढ़ती घटनाओं पर रोकथाम हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाने एवं आरडब्ल्यूए तथा अन्य संस्थाओं के साथ बैठक आयोजित कर डॉग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को तेज़ किया जाए।
कार्मिक प्रबंधन के लिए प्रत्येक विभाग के अधिकारी अपने अनुभाग में रिक्त एवं कार्यरत पदों का ब्योरा तत्काल उपलब्ध कराएं साथ ही समस्त अनुवाद अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता पूर्वक लेते हुए समय अंतर्गत उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए कि नगर निगम के कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित निस्तारण और जनसुविधा को सर्वोपरि रखा जाए।



