बाल्टी व बंठे के साथ जल भवन में प्रदर्शन करने की दी चेतावनी

देहरादून। वार्ड 48 की अपर राजीव नगर क्षेत्र के लोग लम्बे अरसे से पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों का एक शिष्टमण्डल ने जल भवन, बी-ब्लॉक नेहरू कॉलोनी गये और मुख्य महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग से मिले और पानी की समस्या को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस अवसर पर बाल्टी व बंठे के साथ प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दी।
इस अवसर पर क्षेत्र निवासी एवं राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती एवं सामाजिक कार्यकर्ता अमित कौशिक ने महाप्रबंधक को बताया कि पिछले काफी लम्बे अरसे से क्षेत्रवासी पानी की समस्या से जूझ रहें हैं, जब कभी पानी सप्लाई आती भी हैं तो आधी रात को होती हैं वो भी चन्द समय में बन्द हो जाता हैं। जबकि महिलाओं को मन्दिर से एक मात्र जनता नल पर अपनी बारी का इन्तजार करना पड़ता हैं।
प्रदीप कुकरेती ने नाराजगी व्यक्त करते हुये महाप्रबन्धक से कहा कि आपको स्वयं कई बार फोन किया जाता हैं तो कोई उत्तर नहीं मिलता और यहीं विभाग के अधिकारियों का हाल हैं जबकि जिले में हमारे जिलाधिकारी व सचिवालय कें अधिकारी फोन उठाते हैं।
इस अवसर पर पंवार ने कहा कि आज हमने सभी महिलाओं को मौहल्ले में रोक दिया हैं यदि विभाग द्वारा 24 से 48 घण्टे में व्यवस्था दुरुस्त नहीं होती तो क्षेत्र के लोग बाल्टी और बंठे लेकर महाप्रबन्धक कार्यालय पर डटेंगे। उनका कहना है कि क्षेत्र के लोग पिछले सात वर्षों से अपर राजीव नगर में एक ट्यूबवेल की मांग कर रहें हैं साथ ही पुरानी पेयजल लाइनों को बदलवाने की मांग करते आ रहें हैं। उनका कहना है कि ऐसे में सरकार का हर घर नल व हर घर जल एक नारा मात्र तक सीमित होता दिख रहा हैं।
इस दौरान मुख्य महाप्रबन्धक नीलिमा गर्ग ने वहीं से अधीनस्थ अधिकारियों को फोन लगाया साथ ही तत्काल ट्यूबवेल हेतु सर्वे करने एवं पानी की नई लाइन बिछाने व दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर शिष्टमण्डल में राजीव नगर से रतन सिंह रावत, नरेन्द्र बिष्ट, प्रदीप कुकरेती , अमित शर्मा, आलम सिंह पंवार , मोहन लाल तिवारी , राकेश भण्डारी , दिगम्बर सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।



