spot_img
spot_img
Homeदेहरादूनहर मोर्चे पर फेल भाजपा सरकार अब ‘अर्बन नक्सल’ के जुमले के...

हर मोर्चे पर फेल भाजपा सरकार अब ‘अर्बन नक्सल’ के जुमले के पीछे छिप रही है: धस्माना

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि जनसरोकारों से जुड़े हर मुद्दे पर विफल रहने के बाद अब सरकार आगामी चुनावों को देखते हुए ‘अर्बन नक्सल’ जैसे काल्पनिक और भ्रमित करने वाले जुमलों के पीछे छिपने का प्रयास कर रही है।
धस्माना प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि अगर उत्तराखंड में अर्बन नक्सल गतिविधियां चल रही हैं तो उनका नेता कौन है और क्या इसकी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को दी गई है? देश के गृहमंत्री ने हाल ही में दावा किया है कि नक्सलवाद खत्म होने के अंतिम चरण में है। फिर उत्तराखंड में नया नक्सली खतरा कैसे और कहां से आ गया?
उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के नाते यह मसला अगर वाकई गंभीर है, तो सरकार को इस पर साफ जवाब देना चाहिए।
धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकार दो बार सत्ता में आने के बावजूद जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी। अब 2027 के चुनावों को ध्यान में रखकर अर्बन नक्सल जैसे राजनीतिक हथकंडों का सहारा लिया जा रहा है।
बेरोजगारी चरम पर है, और सरकार फर्जी आंकड़ों से भ्रम फैला रही है कि 26,000 युवाओं को नौकरी मिली है। कांग्रेस मांग करती है कि विभागवार आंकड़ों का श्वेत पत्र जारी किया जाए।
उपनल कर्मचारियों के मुद्दे पर धस्माना ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद राज्य सरकार ने नैनीताल हाईकोर्ट के समान कार्य-समान वेतन के निर्णय को अब तक लागू नहीं किया।
महिलाओं पर अत्याचार और बलात्कार की घटनाओं में सरकारी पार्टी से जुड़े लोगों की संलिप्तता पर भी कांग्रेस नेता ने चिंता जताई।
कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए उन्होंने कहा कि अपराधों पर सरकार की पकड़ कमजोर है।
धस्माना ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और चौखुटिया में जन आंदोलन इसका ज्वलंत उदाहरण है।
शिक्षा क्षेत्र में परीक्षाओं की लीक, नकल और अनियमितताएं जगजाहिर हैं। आपदा प्रबंधन में विफलता की मिसाल धराली आपदा है, जहां अब तक सरकार मृतकों की संख्या तक नहीं बता सकी।
जनता को मूर्ख बनाने की कोशिशें अब सफल नहीं होंगी। कांग्रेस हर मोर्चे पर सरकार से जवाब मांगेगी और ‘अर्बन नक्सल’ के इस पर्दे को बेनकाब करेगी।
पत्रकार वार्ता में सरदार अमरजीत सिंह मीडिया सलाहकार कांग्रेस, दिनेश कौशल अध्यक्ष श्रम प्रकोष्ठ,
विपुल नौटियाल उपाध्यक्ष महानगर कांग्रेस आदि मौजूद थे।

- Advertisement -chardham yatra uttarakhand
RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular