spot_img
spot_img
Homeदेहरादूनरजत जयंती पर कोषागार में पेंशनरों के लिए नई सुविधाएँ

रजत जयंती पर कोषागार में पेंशनरों के लिए नई सुविधाएँ

राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर मंगलवार को मुख्य कोषागार देहरादून में पेंशन जागरूकता एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का जिलाधिकारी सविन बंसल ने शुभारंभ किया। शिविर में डीएम ने राज्य आंदोलनकारी पेंशनरों और 100 वर्षीय वरिष्ठ पेंशनर श्रीमती प्रेमवती डोभाल को सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला प्लान से 25 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए आरोहण सभागार का लोकार्पण भी किया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि कोषागार में आने वाले प्रत्येक बुजुर्ग पेंशनर को सम्मान और सुविधा मिलना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कोषागार परिसर को पेंशन-फ्रेंडली बनाने के लिए सुविधा हॉल, दिव्यांगजन व महिलाओं के लिए शौचालय, पार्किंग शेड और आधुनिक आरोहण सभागार तैयार किया गया है। डीएम ने कोषागार में तकनीकी सुदृढ़ीकरण को देखते हुए मौके पर ही 10 नए कम्प्यूटर प्रदान करने की स्वीकृति भी दी।
शिविर में श्रीमती गायत्री ढौडियाल, श्रीमती कौशल्या रावत, श्रीमती सरोज सिंह बहुगुणा, श्री राजेश्वर तथा 100 वर्षीय बुजुर्ग पेंशनर श्रीमती प्रेमवती डोभाल को पुष्प गुच्छ, शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही श्रीमती गायत्री ढौडियाल को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) जारी करने की आधिकारिक मंजूरी भी मौके पर प्रदान की गई।
डीएम ने पेंशनरों से आग्रह किया कि वे रिटायर्ड जीवन को सक्रिय, स्वस्थ और सामाजिक रूप से जुड़ा रखें। उन्होंने कहा कि पेंशनरों का अनुभव समाज के लिए धरोहर है और उनकी सुविधा के लिए कोषागार में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि पेंशनर जागरूकता शिविरों को आगे उपकोषागारों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में भी आयोजित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक पेंशनरों तक जानकारी पहुंच सके। मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी ने बताया कि डीएम के निर्देश पर कोषागार में व्यापक सुधार किए गए हैं, जिनसे पेंशनरों को सुविधा और सम्मानपूर्ण वातावरण मिल रहा है।
शिविर में पेंशनरों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण के साथ डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, साइबर सुरक्षा, आयकर एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति संबंधी जानकारी प्रदान की गई। पेंशनरों को यह भी बताया गया कि जीवन प्रमाण पत्र एंड्रॉयड मोबाइल ऐप, जन सुविधा केंद्र, पोस्टमैन अथवा कोषागार में बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से आसानी से जमा किया जा सकता है। कोषागार देहरादून के अंतर्गत वर्तमान में लगभग 21 हजार पेंशनर लाभान्वित हो रहे हैं।
शिविर में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी, सेवानिवृत्त सीटीओ पीसी खर्रे, पेंशन यूनियन अध्यक्ष ओमवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे।

- Advertisement -chardham yatra uttarakhand
RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular