spot_img
spot_img
Homeचमोलीबदरीनाथ में हो रहा विकास आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत...

बदरीनाथ में हो रहा विकास आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम: राज्यपाल

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) मंगलवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने देश और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
धाम पहुंचने पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
राज्यपाल ने जिलाधिकारी से बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। डीएम गौरव कुमार ने सिविक एमीनिटी सेंटर, सिविक कम्युनिटी सेंटर, अराइवल प्लाजा और हॉस्पिटल बिल्डिंग सहित अन्य कार्यों की प्रगति से उन्हें अवगत कराया। इस पर राज्यपाल ने संतोष जताते हुए कार्यों की सराहना की और इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
राज्यपाल ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि मास्टर प्लान की प्रगति का फोटो सहित विस्तृत डॉक्यूमेंटेशन तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध कराएं। साथ ही नेत्र झील और बद्रीश झील की सफाई व्यवस्था को नियमित बनाए रखने और आस्था पथ की लाइटिंग सहित अन्य सुविधाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में पुलिस प्रशासन, मंदिर समिति और जिला प्रशासन के बीच बेहतरीन समन्वय की सराहना की। उन्होंने मंदिर समिति के सदस्य, पंडा-पुरोहित, पुलिस बल और सभी प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इसी मनोभाव और समर्पण से कार्य करते रहें। धाम में दर्शन के बाद राज्यपाल ने कहा कि यहां उन्हें अत्यंत दिव्य अनुभव हुआ है। सभी तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के चेहरों पर प्रसन्नता देख वे अभिभूत हैं। उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से बदरीनाथ धाम आकर दर्शन करने का आग्रह भी किया।
राज्यपाल की इस आध्यात्मिक यात्रा के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, बीकेटीसी प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -chardham yatra uttarakhand
RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular