spot_img
spot_img
Homeदेहरादूनकांग्रेस ने लगाई दस साल बनाम पंद्रह साल पोस्टर प्रदर्शनी

कांग्रेस ने लगाई दस साल बनाम पंद्रह साल पोस्टर प्रदर्शनी

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती समारोह पखवाड़े के अंतर्गत कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में ‘दस साल बनाम पंद्रह साल’ शीर्षक से पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करण माहरा ने पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना के साथ दीप प्रज्वलित कर और रिबन काटकर किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में तीन गैलरी बनाई गई हैं। पहली गैलरी में कांग्रेस सरकारों के दस वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया गया है, जबकि दूसरी में भाजपा सरकारों के पंद्रह वर्षों में हुए घोटालों, महिलाओं के खिलाफ अपराधों, केदारनाथ मंदिर में सोना चोरी, अंकिता भंडारी हत्याकांड, और अन्य विवादित मामलों को शामिल किया गया है। तीसरी गैलरी में भाजपा सरकारों के जनविरोधी कार्यों के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलनों और विरोध कार्यक्रमों को दिखाया गया है। प्रदर्शनी में अधिकांश पोस्टर समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के कोलाज के रूप में लगाए गए हैं, जिससे प्रदर्शनी की प्रामाणिकता और भी बढ़ गई है।
प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि यह प्रदर्शनी प्रदेश की सच्चाई को उजागर करती है। इसमें पार्टी की ओर से कोई मनगढ़ंत तथ्य नहीं जोड़े गए हैं, बल्कि मीडिया में प्रकाशित रिपोर्टों को ज्यों का त्यों पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 साल के सफर में भाजपा ने 15 साल राज किया और कांग्रेस ने 10 साल। पहली निर्वाचित कांग्रेस सरकार ने विकास की मजबूत नींव रखी थी, लेकिन भाजपा सरकारें उस पर कुछ ठोस नहीं कर सकीं। माहरा ने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने की दिशा में कांग्रेस ने कदम बढ़ाया, मगर भाजपा सरकारों ने उसे हाशिए पर डाल दिया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रदर्शनी को शुरू में तीन दिनों तक लगाने की योजना थी, किंतु जनता की रुचि को देखते हुए अब इसे एक सप्ताह तक जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के साथ जो सौतेला व्यवहार किया है, वही इस प्रदर्शनी के पोस्टरों में स्पष्ट झलकता है।
पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य की पहली निर्वाचित सरकार में कांग्रेस ने जनता की सेवा की थी, लेकिन आज के मंत्री सेवक नहीं, बल्कि मालिक बनकर जनता का शोषण कर रहे हैं।
इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष आरेंद्र शर्मा, सरदार अमरजीत सिंह, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, गोदावरी थापली, जगदीश धीमान, प्रदीप जोशी, मदन लाल, वीरेंद्र पोखरियाल, सुजाता पॉल, मानवेंद्र सिंह, हेमा पुरोहित, आनंद बहुगुणा, दिनेश कौशल, ललित भद्री, रॉबिन त्यागी, राजेश पुंडीर, विनीत प्रसाद भट्ट, सावित्री थापा, विप्लवी कवि दयाल, गोपाल गाड़िया, आनंद सिंह पुंडीर, देवेंद्र सिंह, मोहन काला, गुल मोहम्मद, ओम प्रकाश सती, विशाल मौर्य, आदर्श सूद और सूरज क्षेत्री सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

- Advertisement -chardham yatra uttarakhand
RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular