spot_img
spot_img
Homeदेहरादूनकांग्रेस ने राज्य निर्माण की 25वीं वर्षगांठ पर की आत्ममंथन गोष्ठी

कांग्रेस ने राज्य निर्माण की 25वीं वर्षगांठ पर की आत्ममंथन गोष्ठी

उत्तराखंड राज्य निर्माण की रजत जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे पखवाड़े के तहत आज प्रदेशभर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने विचार गोष्ठियों का आयोजन किया। देहरादून में कैंट विधानसभा क्षेत्र के यमुना कॉलोनी, प्रेमनगर और कौलागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा आयोजित गोष्ठी का विषय रहा क्या शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना पाए हम 25 सालों में?
गोष्ठी के मुख्य अतिथि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड अब 25 वर्ष का हो गया है, इसलिए यह समय आत्ममंथन का है कि हमने राज्य निर्माण के बाद क्या पाया और क्या खोया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद भाजपा की पहली अस्थायी सरकार मात्र 14 माह चली और इस अवधि में दो मुख्यमंत्री बदलने से विकास कार्य अधूरे रह गए। जनता ने भाजपा को बेदखल कर पंडित नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार को मौका दिया, जिसने प्रदेश की मजबूत आधारशिला रखी।
श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क परिवहन और उद्योग के क्षेत्र में जो काम किए, वही आगे चलकर राज्य के विकास की नींव बने। उन्होंने कहा कि सिडकुल, दून विश्वविद्यालय, पेट्रोलियम विश्वविद्यालय और गोरखा आरक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णय कांग्रेस शासनकाल में ही हुए।
भू-कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि तिवारी सरकार के समय जो सशक्त भूमि कानून बना था, भाजपा सरकारों ने 2017 के बाद उसे कमजोर कर दिया, जिससे पहाड़ों की जमीनें बाहरी लोगों के हाथों में चली गईं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के राज में सबसे बड़ा काम मुख्यमंत्रियों की फौज खड़ी करना रहा 25 सालों में 11 मुख्यमंत्रियों में से 8 भाजपा के रहे।
श्री धस्माना ने कहा कि राज्य निर्माण सेनानियों का सपना था कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य सुविधाएं दूरस्थ इलाकों तक पहुंचे, युवाओं को रोजगार मिले और पलायन रुके। लेकिन आज भी स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हैं, पलायन बढ़ा है और गांव खाली हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करें।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि रजत जयंती पर कांग्रेस प्रदेशभर में आत्ममंथन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में जहां विकास की इबारतें लिखी गईं, वहीं भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े।
इस अवसर पर शिक्षाविद जगदीश प्रसाद बहुगुणा, सुमित्रा ध्यानी, संगीता गुप्ता, दिनेश कौशल, अनुराग गुप्ता, जे.एस. चुग शाहिद, जितेंद्र तनेजा, सुमित खन्ना, मोहित ग्रोवर, रविंदर जूनियर और राजेश पुंडीर सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

- Advertisement -chardham yatra uttarakhand
RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular